
✍️ भागीरथी यादव
दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र के शक्ति नगर में महाशिवरात्रि के अवसर पर निकली भगवान की बारात के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चाकू से किए गए हमले में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार शक्ति नगर निवासी नानू उर्फ छय (17) शादियों में घोड़ी चलाने का काम करता था। महाशिवरात्रि पर दो दिनों से निकल रही बारात में वह नाच-गाने में शामिल था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर उसके साथ कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने चाकू निकालकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने किशोर के पेट, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल नानू मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मोहन नगर थाने पहुंच गए और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
मामले में पुलिस अधिकारी सुखनंदन राठौर ने बताया कि चाकूबाजी की इस घटना में नाबालिग की मौत पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। देर रात 4–5 संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।





