
✍️ भागीरथी यादव
सक्ती। जिला सक्ती के ग्राम नवापारा कलां में भक्ति और आध्यात्म का भव्य संगम देखने को मिलेगा। ग्रामवासियों द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीरामचंद्र जी की कृपा से 24वें सार्वजनिक अखंड नवधा रामायण एवं मानस गायन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 11 मार्च 2026 से 20 मार्च 2026 तक आयोजित होगा।
आयोजन समिति से मिली जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ 11 मार्च (बुधवार) को कलश यात्रा, देव स्थापना और मानस यज्ञ के साथ होगा। इसके बाद पूरे आयोजन अवधि में अखंड नवधा रामायण पाठ और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
वहीं 19 मार्च (गुरुवार) को मानस गायन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसका फाइनल मुकाबला उसी दिन रात्रि 7 बजे से होगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले दलों के लिए समिति द्वारा आकर्षक नकद पुरस्कार घोषित किए गए हैं।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 15,000 रुपये (आयुष शर्मा, सभापति जिला पंचायत सक्ती द्वारा), द्वितीय पुरस्कार 10,000 रुपये (याचना पटेल, पूर्वी पटेल, केविका पटेल और एंजल गबेल द्वारा) तथा तृतीय पुरस्कार 7,000 रुपये (जितेंद्र चौहान द्वारा) प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा चतुर्थ से तेरहवीं श्रेणी तक के विजेता दलों के साथ-साथ बेस्ट प्रवचनकर्ता और बेस्ट वादक को भी सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में व्यास आचार्य के रूप में पं. राजेश महाराज जी तथा वरण यज्ञ आचार्य के रूप में पं. आकाश महाराज जी (टेमर वाले) अपनी सेवाएं देंगे।
20 मार्च (शुक्रवार) को हवन, पूर्णाहुति, सहस्त्रधारा और विशाल भंडारा प्रसाद के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के अध्यक्ष प्रेमलाल पटेल, उपाध्यक्ष चंद्रशेखर कंवर एवं ढकेश्वर पटेल, सचिव चेतन पटेल सहित समस्त ग्रामवासी सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं।
समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होकर रामकथा का रसास्वादन करने और पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।






