भाजपा जिला कार्यालय का कांग्रेस ने किया घेराव, अफीम और नशे के मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन
✍️ भागीरथी यादव एमसीबी (मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर) छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर के नेतृत्व में गुरुवार को मनेंद्रगढ़ चैनपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय का घेराव किया गया। प्रदेश में बढ़ते नशे के कारोबार, अफीम की अवैध खेती और बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है और हाल ही में सामने आए अफीम की अवैध खेती के मामलों में भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आने के बावजूद सरकार ठोस कार्रवाई करने में विफल रही है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और नशे का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है। अफीम की खेती जैसे गंभीर मामलों के सामने आने के बाद भी भाजपा सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है। वहीं भरतपुर–सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि प्रदेश में नशे के बढ़ते कारोबार और अफीम की अवैध खेती के मामले बेहद गंभीर हैं। भाजपा सरकार इन मामलों में सख्त कार्रवाई करने के बजाय राजनीतिक संरक्षण देने का काम कर रही है। एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने कहा कि प्रदेश का युवा वर्ग नशे के बढ़ते जाल में फंसता जा रहा है, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। कांग्रेस पार्टी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली ऐसी नीतियों का लगातार विरोध करती रहेगी। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अपराध और नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है, जिससे समाज में असुरक्षा का माहौल बन गया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि हाल ही में सामने आए अफीम की खेती के मामले ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय भाजपा के कुछ नेता अपने साथियों को बचाने में लगे हुए हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ ग्रामीण अध्यक्ष रामनरेश पटेल और चिरमिरी ब्लॉक अध्यक्ष शिवांश जैन ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी। इस दौरान जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, पूर्व विधायक गुलाब कमरो, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे, पूर्व नपा अध्यक्ष प्रभा पटेल, पूर्व नपा उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, जिला महामंत्री शरण सिंह, रफीक मेमन, पूनम सिंह, व्यंकटेश सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष रामनरेश पटेल, शिवांश जैन, सौरव मिश्रा, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी सहित कांग्रेस पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।