
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर, 25 मार्च 2026। थाना कोनी पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करते हुए 35 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 7 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 मार्च को ग्राम पेट्रोलिंग के दौरान कोनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घुटकू चौक के पास एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में हाथ भट्टी से निर्मित महुआ शराब बनाकर बिक्री कर रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी विनोद लोनिया (32 वर्ष), निवासी स्टेशन पारा घुटकू, थाना कोनी, के कब्जे से दो प्लास्टिक डिब्बों में 20 लीटर और 15 लीटर कुल 35 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी के पास शराब बनाने अथवा रखने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।
पुलिस ने मौके पर ही शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा जाएगा।
पुलिस की अपील
कोनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
