
बलौदाबाजार जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब भीड़भाड़ वाले बाजार भी सुरक्षित नहीं रहे। पलारी थाना क्षेत्र के रोहंसी रोड स्थित दिलीप ज्वेलर्स में बुधवार शाम एक शातिर चोर ग्राहक बनकर दुकान में घुसा और मौका मिलते ही लाखों के सोने के जेवरात उठाकर भागने लगा।

हालांकि दुकान कर्मचारी महेंद्र साहू की सतर्कता से बड़ी चोरी टल गई। पीछा होते देख घबराए आरोपी ने जेवरात वहीं छोड़ दिए और फरार हो गया। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

घटना की सूचना पर पलारी पुलिस मौके पर पहुंची। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश जारी है। इस घटना ने एक बार फिर व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







