
कांकेर। जिले में महिला सुरक्षा को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। कॉलेज से घर लौट रही एक छात्रा का रास्ता रोककर अश्लील गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और दुष्कर्म करने के आरोप में कांकेर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पीड़िता ने 8 जनवरी को थाना कांकेर में दर्ज कराई गई लिखित शिकायत में बताया कि वह उसी दिन शाम करीब 4:10 बजे कॉलेज से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान ग्राम पथरी जाने वाले मार्ग पर जंगलवार कॉलेज के दूसरे गेट के पास आरोपी यश साहू और उसका साथी जितेंद्र उर्फ जीतू साहू ने उसे जबरन रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने पहले पीड़िता के साथ अश्लील गाली-गलौज की, फिर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी यश साहू ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि उसका साथी जितेंद्र कुमार साहू इस अपराध में सहयोग करता रहा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आज उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, कांकेर पुलिस की त्वरित कार्रवाई को लेकर आमजन में संतोष भी देखा जा रहा है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की विवेचना पूरी निष्पक्षता और सख्ती के साथ की जाएगी।






