ब्रेकिंग न्यूज़

सुशील जायसवाल

 

 

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत

कोरबा | पसान थाना क्षेत्र

कोरबा जिले के पसान थाना अंतर्गत मोहनपुर के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा थोहा नाला के समीप उस वक्त हुआ, जब युवक अपने घर लौट रहा था।

मृतक की पहचान समार सिंह पिता जरिहत सिंह (35 वर्ष), निवासी बोकरा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, समार सिंह मुड़ी की ओर से बाइक से लौट रहा था, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयावह थी कि युवक सड़क पर उछलकर गिर पड़ा और सिर में गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। बाइक सड़क पर पलटी अवस्था में पड़ी मिली, जबकि युवक सड़क के बीच लहूलुहान हालत में पड़ा था।

सूचना मिलते ही पसान पुलिस मौके पर पहुंची। प्रधान आरक्षक गुलशन मिंज ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती, नियमित पुलिस गश्त और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

🟢 ब्रेकिंग न्यूज़

सुशील जायसवाल

पसान रेंज के तराई नार में हिरनों की चहलकदमी, ग्रामीणों ने देखा विचरण करते

 

कोरबी/चोटिया। कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज अंतर्गत ग्राम तराई नार में आज (1 अक्टूबर) ग्रामीणों ने हिरनों का झुंड देखा। ग्रामीण बुद्धु सिंह ने अपने परिवार के साथ साप्ताहिक बाजार जाते समय खेतों में चार हिरनों को विचरण करते देखा और मोबाइल में कैद कर लिया। इनमें एक नन्हा हिरन भी उछल-कूद करता नजर आया।

इस संबंध में जब संवाददाता ने पसान परिक्षेत्र अधिकारी मनीष सिंह से बात की तो उन्होंने बताया कि अभी तक उन्हें इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। हालांकि उन्होंने कहा कि गुरुवार को वनकर्मियों की टीम मौके पर भेजकर स्थल निरीक्षण किया जाएगा।

 

उल्लेखनीय है कि तराई नार गांव लैगी पंचायत का हिस्सा है और यह घने जंगलों से घिरा हुआ है। यहां अक्सर हाथियों का भी आवागमन बना रहता है।

🛑 ब्रेकिंग न्यूज़ 🛑 बागों थाना क्षेत्र के आमा टिकरा गांव में दो संदिग्ध लाशें बरामद, इलाके में सनसनी

 

कोरबा/कोरबी-चोटिया// जिले के बागों थाना अंतर्गत सुदूर वनांचल ग्राम आमा टिकरा में बुधवार को दो संदिग्ध लाशें मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

 

ग्रामीणों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने पाया कि एक युवक का शव बिजली के झटका तार में फंसा हुआ था, जबकि एक युवती का शव पास के पानी में डूबा मिला। शवों से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि यह घटना दो दिन पूर्व की हो सकती है।

 

सूत्रों के अनुसार, घटना से दो दिन पहले ही एक युवक ने अपनी मोटरसाइकिल गांव के तिराहा स्थित राम सिंह की किराना दुकान के सामने खड़ी की थी, जिसके बाद से वह लापता था।

 

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में दहशत का माहौल है। फिलहाल बागों पुलिस मौके पर पहुंचकर पंचनामा और शवों की शिनाख्तगी में जुटी हुई है।

 

👉 पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा।