छत्तीसगढ़ शासन में आईएएस अधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल, प्रशासनिक आदेश जारी

✍️ भागीरथी यादव 

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के कार्यदायित्वों में परिवर्तन करते हुए महत्वपूर्ण प्रशासनिक आदेश जारी किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार आयुक्त स्तर पर पदस्थापना और अतिरिक्त प्रभार में बदलाव किया गया है।

आदेश के तहत वर्ष 2009 बैच की आईएएस अधिकारी किरण कौशल को आगामी आदेश तक आयुक्त, समग्र शिक्षा के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। शासन ने स्पष्ट किया है कि समग्र शिक्षा का कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से यह पद भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिसमय वेतनमान के समकक्ष माना जाएगा।

इसी क्रम में वर्ष 2009 बैच के आईएएस अधिकारी अवनीश कुमार शरण, जो वर्तमान में आयुक्त, नगर एवं ग्राम निवेश के पद पर कार्यरत हैं तथा गृह निर्माण मंडल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं, को रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे यह जिम्मेदारी अपने वर्तमान दायित्वों के साथ अतिरिक्त रूप से निभाएंगे।

वहीं प्रशासनिक अनुभव को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2017 बैच के आईएएस अधिकारी आकाश छिकारा को जिला बस्तर का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वे अब तक आवास एवं पर्यावरण विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर पदस्थ थे और साथ ही रायपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।

शासन के इस आदेश को प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।