
छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग में नव नियुक्त उप निरीक्षकों को महज 24 घंटे के भीतर बड़ा झटका लगा है। विभाग द्वारा जारी नियुक्ति आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। इस संबंध में कार्यालय आबकारी आयुक्त ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि तकनीकी कारणों के चलते नियुक्ति प्रक्रिया को फिलहाल रद्द किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा–2024 की चयन सूची के आधार पर 85 अभ्यर्थियों को आबकारी उप निरीक्षक पद पर नियुक्ति दी गई थी। यह आदेश 21 जनवरी 2026 को जारी किया गया था, लेकिन अगले ही दिन आबकारी आयुक्त के निर्देश पर इसे वापस ले लिया गया।
अचानक लिए गए इस फैसले से चयनित अभ्यर्थियों में असमंजस और निराशा का माहौल है। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि नियुक्ति निरस्तीकरण का कारण प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रकृति का है। हालांकि, आगे की प्रक्रिया को लेकर कोई विस्तृत जानकारी फिलहाल साझा नहीं की गई है।






