ऑपरेशन बाज’ के तहत मुंगेली पुलिस की बड़ी सफलता, ट्रैक्टर समेत 7 बाइक बरामद, 4 आरोपी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

मुंगेली जिले में नए पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के पदभार संभालते ही अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी कड़ी में मुंगेली पुलिस ने ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक चोरी हुआ ट्रैक्टर और सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

यह कार्रवाई 12 जनवरी 2026 को लोरमी थाना क्षेत्र में दर्ज ट्रैक्टर चोरी की रिपोर्ट के बाद की गई। सिद्धी विनायक पेट्रोल पंप के सामने रहने वाले कुंजबिहारी तिवारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11-12 जनवरी की रात उनका महिंद्रा युवो 275 डीआई ट्रैक्टर (क्रमांक सीजी 28 के 5178) गायत्री मंदिर, लोरमी के पास से चोरी हो गया है।

आईजी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम

बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने चोरी की घटनाओं में शत-प्रतिशत बरामदगी, आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई और रात्रि गश्त बढ़ाने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के तहत उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल, थाना लोरमी, कोतवाली और फास्टरपुर की संयुक्त टीम बनाई गई।

साइबर इनपुट से खुला पूरा गिरोह

जांच के दौरान साइबर सेल को तकनीकी जानकारी और मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम हरदीडीह निवासी दिलेश सप्रे एक पुराना ट्रैक्टर बेचने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की।

आरोपियों ने बताया कि पहले वे मोटरसाइकिल चोरी करते थे, लेकिन ज्यादा मुनाफे के लालच में ट्रैक्टर चोरी की योजना बनाई। 11 जनवरी की रात आरोपी चोरी की गई बाइकों से लोरमी पहुंचे और गायत्री मंदिर के पास खड़े ट्रैक्टर को नाबालिग की मदद से चालू कर राजपुर ले गए।

चोरी का ट्रैक्टर और बाइक बरामद

पुलिस ने दिलेश सप्रे की निशानदेही पर पवन जगत और मनीष साहू को भी गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान चोरी किया गया ट्रैक्टर और कुल सात मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। नाबालिग आरोपी के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपी

देवप्रसाद बर्मन (35), निवासी हरदीडीह

दिलेश सप्रे (22), निवासी हरदीडीह

पवन जगत (36), निवासी हरदीडीह

मनीष साहू (18), निवासी राजपुर

एक नाबालिग

जब्त वाहन

महिंद्रा युवो 275 डीआई ट्रैक्टर (सीजी 28 के 5178)

पैशन प्रो (सीजी 10 ईएल 6748)

टीवीएस राइडॉन (सीजी 25 एल 9107)

पैशन प्रो (बिना नंबर)

हीरो होंडा (सीजी 10 ईई 4203)

पैशन प्रो (सीजी 28 बी 9154)

प्लेटिना (सीजी 10 ईबी 4083)

मुंगेली पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोर गिरोह पर करारा प्रहार हुआ है और आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है। पुलिस ने आगे भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखने की बात कही है।