✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रेत माफिया के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे प्रशासनिक अधिकारियों की जान लेने से भी नहीं कतरा रहे हैं। ताजा मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है, जहां अवैध रेत उत्खनन रोकने गए नायब तहसीलदार राहुल साहू पर एक ट्रैक्टर चालक ने वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। अधिकारी ने मौके पर फुर्ती दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई।
क्या है पूरा मामला?
रतनपुर क्षेत्र के ग्राम गढ़वट, सरवनदेवरी और खैरखुंडी में लंबे समय से अवैध रेत खनन की शिकायतें मिल रही थीं। रविवार को सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार राहुल साहू कार्रवाई के लिए गढ़वट रेत घाट पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेत से लदे एक ट्रैक्टर को रोकने का संकेत दिया।
जान बचाने के लिए कूदना पड़ा अधिकारी को
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर चालक रितुराज सिंह (निवासी खैरखंडी) ने पकड़े जाने के डर से पहले आधी रेत नदी में ही खाली कर दी। जब नायब तहसीलदार ने उसे रुकने को कहा, तो चालक ने ट्रैक्टर रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और सीधे अधिकारी की ओर मोड़ दिया। नायब तहसीलदार ने समय रहते सड़क से हटकर अपनी जान बचाई, जिसके बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर लेकर बस्ती की ओर फरार हो गया।
आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 170 के तहत कार्यवाही की गई।
आरोपी को बेलतरा तहसीलदार की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तुरंत जमानत मिल गई।
रतनपुर थाना प्रभारी नीलेश पांडेय का कहना है कि नायब तहसीलदार की शिकायत पर उचित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और कोर्ट में पेश किया गया था।








