
✍️ भागीरथी यादव
कोरिया (बैकुंठपुर) | 03 फरवरी 2026
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में “मनरेगा बचाओ संग्राम” अभियान के तहत कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने के बाद सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपा।
सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने का आरोप
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार योजनाबद्ध तरीके से ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ ‘मनरेगा’ को खत्म करने की कोशिश कर रही है। नेताओं ने कहा कि बजट में कटौती और नियमों में बदलाव के कारण मजदूरों को न तो समय पर काम मिल रहा है और न ही मजदूरी का भुगतान हो रहा है।
दिग्गज नेताओं ने साधा निशाना
जेपी श्रीवास्तव (प्रदेश प्रभारी, मनरेगा): उन्होंने कहा कि भाजपा ने सिर्फ मनरेगा का नाम ही नहीं बदला, बल्कि इसका मूल स्वरूप ही बिगाड़ दिया है। अब काम ग्राम सभा के बजाय केंद्र से तय होंगे, जो ग्रामीणों के साथ छल है।
गुलाब कमरो (पूर्व विधायक): उन्होंने योजना को गरीबों की जीवन रेखा बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार इसे खत्म करना चाहती है। कांग्रेस इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगी और आंदोलन को और उग्र बनाएगी।
अंबिका सिंहदेव (पूर्व विधायक): उन्होंने चिंता व्यक्त की कि सरकार की उदासीनता के कारण ग्रामीण मजदूर अब पलायन करने को मजबूर हैं। कांग्रेस सड़क से सदन तक गरीबों की आवाज उठाएगी।
नजीर अजहर (पूर्व जिलाध्यक्ष): उन्होंने सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार जनता को जाति-धर्म में बांटकर असली मुद्दों से ध्यान भटका रही है।
कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
आमसभा के बाद कांग्रेस का विशाल हुजूम नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। यहां घेराव के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। अंत में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के माध्यम से सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें मजदूरों को समय पर रोजगार देने और बकाया मजदूरी के तुरंत भुगतान की मांग की गई।
प्रदर्शन में इनकी रही मौजूदगी
इस आंदोलन में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ-साथ महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, NSUI और बड़ी संख्या में ग्रामीण मजदूर व आमजन शामिल हुए।






