
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा (छत्तीसगढ़): मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना में, बांगो थाना क्षेत्र के एक गांव में 11 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ उसके पड़ोसी ने ही दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी, जिस पर परिवार आंख मूंदकर भरोसा करता था, उसी ने मासूम के बचपन को अपनी हवस की आग में झोंक दिया।
विश्वासघात की पूरी कहानी
मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी पड़ोसी बुधराम मरकाम उर्फ धनरसिया (42) वहां पहुंचा। उसने बच्ची को बहलाया-फुसलाया और सूखी लकड़ियां बीनने के बहाने पास की झाड़ियों में ले गया। वहां आरोपी ने मासूम की चीखों को अनसुना कर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना के बाद लहूलुहान हालत में बच्ची रोती-बिलखती अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजनों ने बिना देर किए पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और आरोपी बुधराम को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
बच्ची को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।
“आरोपी मासूम को लकड़ी बीनने के बहाने सुनसान जगह ले गया था। मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।”






