
सुशील जायसवाल
कोरबा। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के ग्राम दन्हामुड़ा (प.ह.नं. 17) में जमीन नामांतरण को लेकर ग्रामीणों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। ग्रामवासियों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपकर संबंधित भूमि के नामांतरण पर रोक लगाने और की गई रजिस्ट्री को निरस्त करने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार खसरा नंबर 141/3 रकबा 0.24360 हेक्टेयर भूमि, जिसे वर्ष 2016 में खरीदा गया था, को लेकर गांव में लगातार आपत्ति जताई जा रही है। आरोप है कि उक्त भूमि का उपयोग धार्मिक निर्माण कार्य के लिए किए जाने की तैयारी है, जिससे गांव की सामाजिक एवं सांस्कृतिक समरसता प्रभावित हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस कदम से क्षेत्र की पारंपरिक आदिवासी संस्कृति और सामाजिक संतुलन पर विपरीत असर पड़ेगा।
बताया गया है कि तहसील कार्यालय द्वारा 31 दिसंबर 2025 को जारी इश्तहार के बाद भी ग्रामवासियों ने लिखित आपत्ति प्रस्तुत की थी। इसके बावजूद नामांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाए जाने की आशंका को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर नामांतरण पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा विवादित भूमि की रजिस्ट्री निरस्त की जाए। साथ ही उन्होंने क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।
इस पूरे मामले को लेकर अब प्रशासन के निर्णय पर ग्रामीणों की नजरें टिकी हुई हैं।







