
पामगढ़ जांजगीर। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय तक युवती का दैहिक शोषण करता रहा और बाद में शादी से मुकर गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की।

मिली जानकारी के अनुसार पामगढ़ थाना क्षेत्र में रहने वाली पीड़िता ने 18 फरवरी को पामगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि उसकी पहचान कोमल प्रसाद निवासी मानपुर, थाना फास्टरपुर जिला मुंगेली से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत के बाद दोस्ती हो गई। इसी दौरान आरोपी ने युवती को शादी का प्रस्ताव दिया और जल्द ही शादी करने का भरोसा दिलाया।
पीड़िता का आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया। इसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।






