
✍️ भागीरथी यादव
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिला-सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार को हड़कंप मच गया। अज्ञात व्यक्ति ने कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर ई-मेल भेजकर धमकी दी है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया और कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे जिला-सत्र न्यायालय के आधिकारिक मेल पर धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। इसमें कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की बात लिखी गई थी। सूचना मिलते ही मामले की जानकारी पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर को तत्काल खाली कराया गया और वहां मौजूद वकीलों, कर्मचारियों तथा अन्य लोगों को बाहर निकाल दिया गया। साथ ही कोर्ट के आसपास के क्षेत्र में लोगों की आवाजाही पर भी अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई।
करीब 12 बजे बम स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की सघन जांच शुरू की गई। पुलिस संदिग्ध वस्तुओं की तलाश कर रही है और मेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।





