
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां संतान न होने के विवाद में पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी की मौत को सीने में दर्द से हुई बताकर कहानी गढ़ दी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।
मामला 30 मार्च का है, जब ग्राम हरदी में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच शुरू की। शुरुआती पूछताछ में पति चंद्रशेखर यादव ने बताया कि उसकी पत्नी को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही मामले ने नया मोड़ ले लिया। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत गला घोंटने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर पति को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि शादी के बाद से ही बच्चे न होने को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद होता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जो इतना बढ़ गया कि उसने रस्सी से गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के समय आरोपी की मां भी मौके पर मौजूद थी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर काले रंग की रस्सी जब्त कर ली है। इस मामले में पति चंद्रशेखर यादव (26) और उसकी मां रीना बाई यादव (46), दोनों निवासी ग्राम हरदी, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी को गिरफ्तार कर धारा 103 के तहत अपराध दर्ज करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
