32 नशीले इंजेक्शन के साथ युवक-युवती गिरफ्तार, चिरमिरी पुलिस की सख्त कार्रवाई

✍️ भागीरथी यादव

 

 

एमसीबी/चिरमिरी:

जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चिरमिरी पुलिस द्वारा चलाया जा रहा अभियान लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम द्वारा लगातार कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों के नेटवर्क पर प्रहार किया जा रहा है।

इसी कड़ी में थाना चिरमिरी पुलिस ने 6 नंबर गोलाई के पास घेराबंदी कर एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 32 नग नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 22 हजार रुपये बताई जा रही है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पूर्व में गिरफ्तार आरोपी विवेक पटेल से मिली जानकारी के आधार पर की गई। पूछताछ में अभिषेक समुंद्रे का नाम सामने आया था, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए मोबाइल फोन तोड़कर फरार हो गया था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा।

दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) एवं 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी चिरमिरी पुलिस ने नशीले इंजेक्शन की तस्करी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही कार्रवाई से नशा तस्करों में दहशत का माहौल है और उनका नेटवर्क कमजोर पड़ता नजर आ रहा है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विजय सिंह, एएसआई नयिम खान, महिला प्रधान आरक्षक रुकमणी बंजारे, आरक्षक विकास कुजूर और सैनिक प्रमोद साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और अवैध संपत्ति की भी जांच कर रही है।