
✍️ भागीरथी यादव
एमसीबी/ क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग को प्रमुखता से उठाते हुए कोरिया लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर चिरमिरी–रीवा एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 11751/11752) को प्रतिदिन संचालित करने की मांग की है।
सांसद महंत ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि यह ट्रेन क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिए जीवनरेखा के समान है। कोविड-19 महामारी से पहले यह ट्रेन प्रतिदिन चलती थी, जिससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में काफी सुविधा मिलती थी। वर्तमान में सीमित दिनों में संचालन के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि जनहित और क्षेत्रीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन का दैनिक संचालन जल्द शुरू करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और उनकी यात्रा सुगम हो सके।
इस पहल का स्वागत करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि यह मांग सीधे तौर पर जनभावनाओं से जुड़ी हुई है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
वहीं, मनेंद्रगढ़ शहर के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने भी सांसद महंत के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह मुद्दा आम जनता की जरूरत से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि ट्रेन के नियमित संचालन से न केवल लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
