
रायपुर। कमिश्नर के निर्देश पर पुलिस कमिश्नरेट रायपुर में प्रशासनिक कसावट और कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिस मुख्यालय के आदेश के तहत 1 अप्रैल 2026 को 22 निरीक्षकों का तत्काल प्रभाव से तबादला किया गया है। यह तबादले आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से लागू रहेंगे।
जारी आदेश के अनुसार, कई महत्वपूर्ण थानों में नई पदस्थापना की गई है। निरीक्षक जितेन्द्र जायसवाल को थाना खमतराई, अजय झा को तेलीबांधा और शक्ति सिंह को मोदहापारा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, रितेश मिश्रा को आजाद चौक थाना भेजा गया है।
इसके अलावा विनय सिंह बघेल को टिकरापारा से पुरानी बस्ती, राजेश कुमार मर्डी को टिकरापारा, शिव नारायण सिंह को कबीर नगर से पंडरी और गौतमचंद गावड़े को डीडी नगर थाना का प्रभार दिया गया है। दीपेश कुमार सेनी को देवेंद्र नगर, स्वराज त्रिपाठी को गोलबाजार और अजीत सिंह राजपूत को सरस्वती नगर थाना में नई जिम्मेदारी मिली है।
यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी कई निरीक्षकों को ट्रैफिक विंग में भेजा गया है। वहीं, सुनील दास को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU), नरेंद्र साहू को कंट्रोल रूम/डायल 112 और डालूदास मानिकपुरी को डीसीबी/डीसीआरबी में पदस्थ किया गया है।
पुलिस विभाग के इस व्यापक फेरबदल को शहर में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा कार्यप्रणाली में सुधार के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इससे पुलिसिंग में तेजी आएगी और आमजन को बेहतर सुरक्षा सेवाएं मिलेंगी।
