
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। चौकी बेलगहना थाना कोटा क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक के कब्जे से 17 लाख 90 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। यह कार्रवाई धारा 106 बीएनएसएस के तहत की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 08 अप्रैल 2026 को बेलगहना पुलिस एवं ए.सी.सी.यू. बिलासपुर की संयुक्त टीम क्षेत्र में गश्त और अपराध विवेचना के दौरान थी। इसी दौरान सूचना मिली कि टेगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध हालत में घूम रहा है।
सूचना पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम पवन बजाज (35 वर्ष) निवासी कश्यप कॉलोनी, पुराना बस स्टैंड, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास रखे दो सूटकेस और एक बैग से 10, 20 और 50 रुपये के कुल 81 बंडल नए नोट बरामद हुए, जिनकी कुल राशि 17,90,000 रुपये पाई गई। रकम के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने इसे संदिग्ध मानते हुए धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त कर लिया।
फिलहाल पुलिस द्वारा आरोपी से जब्त रकम के स्रोत के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में बेलगहना चौकी एवं ए.सी.सी.यू. टीम के स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
