कोरबा: दर्री क्षेत्र में युवक की संदिग्ध मौत, NTPC रेलवे लाइन किनारे फांसी पर लटका मिला शव

✍️ भागीरथी यादव 

 

 

कोरबा। जिले के दर्री क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अरुण निषाद (22 वर्ष), पिता स्व. किशोर, निवासी फर्टिलाइजर बस्ती के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 की रात करीब 9 बजे अरुण की आखिरी बार अपने परिजनों से बातचीत हुई थी, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव दर्री स्थित BCPP प्लांट के सामने NTPC रेलवे लाइन के किनारे फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जिसे लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि मृतक के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार में उसकी मां व बहन ही हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और परिस्थितियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।