“नशे की दुनिया की ‘डबल रोल’ बहनें गिरफ्तार, कार-स्कूटी से करती थीं सप्लाई”

✍️ भागीरथी यादव

 

 

6 किलो गांजा, कार-स्कूटी समेत 15.78 लाख की संपत्ति जब्त

बिलासपुर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरकंडा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा बिक्री के आरोप में दो सगी बहनों को गिरफ्तार किया है, जो अलग-अलग नामों से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नशे का कारोबार कर रही थीं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि सरकंडा थाना क्षेत्र के पाटलीपुत्र नगर और राजकिशोर नगर इलाके में दो महिलाएं गांजा बेच रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रेड कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपीयों में मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी (30 वर्ष) और सुदामा केंवट उर्फ रानी यादव (40 वर्ष) शामिल हैं, जो मूलतः जयराम नगर मस्तूरी की निवासी हैं और वर्तमान में सरकंडा क्षेत्र में रह रही थीं।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 6 किलो गांजा, नगद ₹5,98,030, दो स्कूटी, एक कार, दो मोबाइल और दो घड़ियां जब्त की हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत ₹15,78,030 आंकी गई है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी बहनें गांजा बिक्री से प्राप्त रकम से वाहन खरीदकर उसी का उपयोग परिवहन और सप्लाई में करती थीं। साथ ही, नाम बदलकर अलग-अलग क्षेत्रों में नेटवर्क बनाकर नशे का कारोबार संचालित कर रही थीं। दोनों के खिलाफ पूर्व में भी मादक पदार्थ से संबंधित मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।