
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा, 19 अप्रैल 2026।
जिले में आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत प्रगणकों और सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी के निर्देशन में अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी ओंकार यादव ने विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं और प्रशिक्षण की गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रगणकों को जनगणना की प्रक्रिया को गंभीरता से समझने के निर्देश दिए। फील्ड ट्रेनरों द्वारा जनगणना के चरण, उद्देश्य और मकान सूचीकरण से जुड़े बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
अपर कलेक्टर ने बताया कि जनगणना 2027 देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें मोबाइल एप के माध्यम से डेटा संग्रह कर ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा। इसमें मकानों की संरचना, सुविधाएं और टीवी, इंटरनेट, मोबाइल, वाहन सहित 33 बिंदुओं पर जानकारी दर्ज की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से स्व-गणना में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि इससे सटीक आंकड़े जुटाने में मदद मिलेगी। पोड़ी उपरोड़ा स्थित प्रशिक्षण केंद्र में बिजली, पानी और कूलर जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, साथ ही प्रगणकों को मैनुअल का गहन अध्ययन करने को कहा गया।
पाली स्थित प्रशिक्षण केंद्र के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित प्रगणकों और सुपरवाइजरों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही स्व-गणना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।
