
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा – मिली जानकारी के अनुसार, बालको क्षेत्र के लाल घाट से एक युवक का शव बरामद किया गया है। मृतक की पहचान उत्तरा कुमार कश्यप के रूप में हुई है, जो पिछले 24 घंटे से लापता बताया जा रहा था। सूचना मिलते ही बालको पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया।
परिजनों के अनुसार, उत्तरा कुमार कश्यप मंगलवार सुबह अपने घर से रोज की तरह निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका, जिससे परिजन चिंतित थे। बाद में लाल घाट के पास शव मिलने की सूचना से मामला सामने आया।
प्रारंभिक जानकारी में स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक को नशे की लत थी। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि अत्यधिक नशे के कारण उसकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह केवल शुरुआती अनुमान है और वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक घर से निकलने के बाद कहां गया और किन लोगों के संपर्क में रहा। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।
