✍️ भागीरथी यादव
रायपुर, 02 जून। राजधानी रायपुर के आरंग क्षेत्र अंतर्गत मंदिर हसौद स्थित मिवान स्टील प्लांट में मंगलवार सुबह हुए जोरदार धमाके के बाद भीषण आग लग गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसमान में उठता काले धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 5:30 बजे प्लांट परिसर से तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके तुरंत बाद आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते प्लांट के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। मंदिर हसौद थाना पुलिस के अनुसार, टर्बाइन में लीकेज होने के कारण आग भड़कने की आशंका है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
