पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 10 मामलों में 10 आरोपी गिरफ्तार

✍️ भागीरथी यादव

 

 

 

24 घंटे में लगातार कार्रवाई, लाखों की नहीं तो हजारों की अवैध शराब जब्त, तीन आरोपी भेजे गए जेल

 

धमतरी। जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ धमतरी पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिलेभर में एक साथ चलाए गए विशेष अभियान के तहत आबकारी एक्ट के 10 अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान देशी, अंग्रेजी और कच्ची महुआ शराब के साथ बिक्री से प्राप्त नकदी भी जब्त की गई।

पुलिस ने बताया कि अवैध शराब, गांजा, जुआ और सट्टे जैसे गैरकानूनी कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी कड़ी में नगरी, कुरूद, भखारा, मगरलोड, सिहावा, करेलीबड़ी और बिरेझर क्षेत्र में ताबड़तोड़ दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

तीन बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी जेल भेजे गए

नगरी और कुरूद थाना पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत तीन अलग-अलग मामलों में अंजू कुमार नेताम, धनराज नेताम और खुबलाल निषाद को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ और देशी शराब बरामद की गई। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

सात अन्य मामलों में भी गिरफ्तारी

भखारा, करेलीबड़ी, मगरलोड, सिहावा, बिरेझर और नगरी पुलिस ने सात अलग-अलग प्रकरणों में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध शराब और बिक्री की नकदी जब्त की। सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

कार्रवाई की मुख्य बातें

10 अलग-अलग प्रकरण दर्ज

10 आरोपी गिरफ्तार

कच्ची महुआ, देशी एवं अंग्रेजी शराब जब्त

शराब की कीमत लगभग 12,320 रुपये

बिक्री की नगदी 2,470 रुपये बरामद

कुल 14,790 रुपये की जब्ती

तीन आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस के अनुसार बीते 24 घंटों में ही आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के सात प्रकरणों में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जो नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति का स्पष्ट संकेत है।