छुरी मुख्य मार्ग पर बड़ा हादसा, तेज रफ्तार ट्रेलर ने मारी टक्कर, हेल्पर फंसा

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा/कटघोरा।  कटघोरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने राहगीरों को स्तब्ध कर दिया। छुरी क्षेत्र के पास तेज रफ्तार से दौड़ रहे एक ट्रेलर ने आगे चल रहे दूसरे ट्रेलर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार हेल्पर केबिन में फंस गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ट्रेलर कोरबा की ओर से कटघोरा की दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान पीछे चल रहे ट्रेलर का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सामने चल रहे ट्रेलर से जा भिड़ा। हादसे के बाद सामने वाला ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से निकल गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे हेल्पर को बाहर निकालने के लिए काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए मार्ग पर जाम और अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रेलर और उसके चालक की पहचान कर तलाश की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और चालक का वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है।