✍️ भागीरथी यादव
धमतरी। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 490.818 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 05 तस्करों को गिरफ्तार कर अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जब्त गांजा, वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल संपत्ति की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 60 लाख 75 हजार 900 रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना अर्जुनी पुलिस को सूचना मिली कि एक महिंद्रा पिकअप और एक मारुति स्विफ्ट कार में भारी मात्रा में गांजा भरकर चारामा से धमतरी की ओर लाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने रणनीतिक घेराबंदी करते हुए श्याम तराई फॉरेस्ट नाका के पास दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान पिकअप में रखी 13 प्लास्टिक बोरियों और स्विफ्ट कार में छिपाकर रखे गए पैकेटों से कुल 96 पैकेट गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत लगभग 2 करोड़ 45 लाख 40 हजार 900 रुपये बताई गई है।
पायलटिंग कर रहे वाहन चालक भी गिरफ्तार
पुलिस जांच में सामने आया कि स्विफ्ट कार का उपयोग पिकअप वाहन की पायलटिंग के लिए किया जा रहा था ताकि रास्ते में पुलिस जांच से बचा जा सके। पुलिस ने गांजा परिवहन में शामिल दोनों वाहनों के चालकों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
रायपुर और अन्य शहरों में खपाने की थी तैयारी
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गांजा जगदलपुर क्षेत्र से लाकर रायपुर और अन्य स्थानों में सप्लाई करने की तैयारी थी। गिरफ्तार आरोपियों के तार एक बड़े अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है, जिसकी जांच जारी है।
छह सप्ताह में सातवीं बड़ी कार्रवाई
धमतरी पुलिस ने पिछले छह सप्ताह के भीतर गांजा तस्करों के खिलाफ लगातार सात बड़ी कार्रवाइयां करते हुए सैकड़ों किलो गांजा और करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस का कहना है कि तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपनाकर नशे का कारोबार करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन मजबूत खुफिया तंत्र और सतत निगरानी के कारण उनके मंसूबे लगातार नाकाम किए जा रहे हैं।
नशा तस्करों को चेतावनी
एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति या गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा तथा पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य बिंदु
490.818 किलो गांजा बरामद
2.60 करोड़ रुपये की कुल जप्ती
04 आरोपी गिरफ्तार, 01 बालक निरुद्ध
01 पिकअप और 01 स्विफ्ट कार जब्त
पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी गांजा जप्ती
अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार
छह सप्ताह में गांजा तस्करों के खिलाफ सातवीं बड़ी कार्रवाई
