✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। तोरवा थाना पुलिस ने महमंद बाजार में वसूली और मारपीट कर दहशत फैलाने वाले आदतन बदमाश को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, महमंद निवासी राजेंद्र यादव, जो पंचायत की ओर से महमंद बाजार की देखरेख का कार्य करते हैं, ने शिकायत दर्ज कराई कि 12 जुलाई 2026 की शाम करीब 6 बजे आदतन बदमाश संजय पांडेय (58 वर्ष), निवासी लालखदान, तोरवा बाजार पहुंचा और बाजार की वसूली खुद करने की बात कहते हुए उनसे मारपीट की। आरोपी ने उन्हें धमकाते हुए पैसों की मांग भी की।
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी रजनीश सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की। 13 जुलाई 2026 को महमंद क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी संजय पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 383/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2) एवं 119(1) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
तोरवा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में गुंडागर्दी, अवैध वसूली और असामाजिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
