✍️ भागीरथी यादव
“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत निगरानी बदमाशों का सत्यापन, अपराध से दूर रहने की कड़ी चेतावनी
कोरबा। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने देर रात गुंडे, निगरानी बदमाश एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने देर रात उन व्यक्तियों के घर पहुंचकर सघन सत्यापन एवं चेकिंग की, जिनके जिला बदर किए जाने के संबंध में वर्ष 2024, 2025 एवं 2026 में जिला दंडाधिकारी को प्रतिवेदन भेजे जा चुके हैं। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से संबंधित क्षेत्रों में हड़कंप की स्थिति रही।

सत्यापन के दौरान पुलिस अधिकारियों ने निगरानी बदमाशों एवं गुंडा प्रवृत्ति के लोगों को भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि वे दोबारा किसी अपराध में संलिप्त पाए गए या कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया, तो उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस लगातार असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। पुलिस का कहना है कि आम नागरिकों की सुरक्षा, जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
कोरबा पुलिस का स्पष्ट संदेश है— “अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”
