कोरबा सीएसईबी मारपीट कांड के मुख्य आरोपी पर कोरबा पुलिस का शिकंजा, हरीश राव के जिलाबदर की कार्रवाई शुरू

✍️ भागीरथी यादव

 

 

कोरबा। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज कर दी है। इसी क्रम में सीएसईबी क्षेत्र में हुई चर्चित मारपीट की घटना के मुख्य आरोपी हरीश राव उर्फ गोलू के विरुद्ध जिलाबदर की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा एवं लोक सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 3 एवं 5 के तहत विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर जिला दंडाधिकारी कोरबा को भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार हरीश राव एक आदतन एवं सक्रिय अपराधी है। उसके खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत कुल 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि 12 बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है। इसके बावजूद उसके आपराधिक गतिविधियों में सुधार नहीं आने पर उसे पहले से ही गुंडा बदमाश घोषित किया गया था। हाल ही में सीएसईबी क्षेत्र में हुई मारपीट की घटना में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसके जिलाबदर की प्रक्रिया शुरू कर दी।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत अब सीएसईबी मारपीट कांड के अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहन समीक्षा की जा रही है। जिन आरोपियों का आपराधिक इतिहास गंभीर पाया जाएगा, उन्हें गुंडा सूची एवं निगरानी बदमाश के रूप में दर्ज करने के साथ-साथ उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में गुंडागर्दी, वर्चस्व की लड़ाई, हथियारों के दम पर दहशत फैलाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि जिले में आम नागरिकों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मिल सके।