✍️ भागीरथी यादव
10 चोरी की वारदातों का खुलासा, 6 लाख के जेवर और 1.30 लाख रुपये नकद बरामद
बिलासपुर। ग्रामीण इलाकों में दिनदहाड़े सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले कोरबा जिले के तीन आरोपियों को बिलासपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसीसीयू और कोटा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 10 चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है। आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 1.30 लाख रुपये नकद और गुल्लक के 1,250 रुपये के सिक्के बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी खेती-किसानी के काम से ग्रामीणों के घरों से बाहर जाने का फायदा उठाते थे। दोपहर में सूने मकानों के ताले तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद कुमार वासुदेव (33), भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी (43) और राज प्रजापति उर्फ लल्लू (19), निवासी मानिकपुर, जिला कोरबा के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बिलासपुर जिले में नौ और कोरबा के पाली थाना क्षेत्र में एक चोरी की वारदात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, चोरी की रकम से विनोद ने करीब 10 लाख रुपये की क्रेटा कार खरीदी, जबकि राज ने अपने चाचा के नाम पर करीब 1.50 लाख रुपये की बुलेट मोटरसाइकिल खरीदी थी। पुलिस ने दोनों वाहनों के साथ होंडा एसपी शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ जांजगीर जिले में भी 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। वे वर्ष 2022-23 में वहां चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं। कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू और कोटा पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
