लोकसदन ।
कोरबा – जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति “दिशा” की बैठक लोकसभा सांसद ज्योत्सना महंत की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।
बैठक में सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता देकर निर्धारित समयसीमा में पूरा करें और इस प्रक्रिया में जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें।
उन्होंने खासतौर पर स्वास्थ्य सेवाओं, बच्चों की शिक्षा, पेयजल उपलब्धता, आंगनबाड़ी स्वच्छता, मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना को तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
सांसद ने गंभीर सड़क दुर्घटनाओं को ध्यान में रखते हुए जिले में सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा जल्द शुरू करने की आवश्यकता जताई। साथ ही अधूरे विद्यालय भवनों को शीघ्र पूरा करने, शिक्षकों की पर्याप्त नियुक्ति करने और किसानों को खाद व पीडीएस सामग्री समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर विधायक फूलसिंह राठिया, तुलेश्वर मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सांसद ज्योत्सना महंत ने स्पष्ट कहा कि जनता तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना और विकास कार्यों को पारदर्शी तरीके से पूरा करना ही जनप्रतिनिधियों व प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

लोकसदन ।