
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा- डॉ. भवेर सिंह पोर्र्ट हाई स्कूल (दर्री, कोरबा) तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। बारिश के चलते सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भर जाने से हालात और भी खराब हो गए हैं। यही कारण है कि रोज़ाना इस रास्ते से गुजरने वाले स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
विद्यालय में पढ़ने आने वाले छोटे-छोटे बच्चे अक्सर इस रास्ते पर फिसलकर गिर जाते हैं। कई बार साइकिल और बाइक सवार भी दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसों से इस मार्ग की मरम्मत नहीं की गई है, जबकि यह स्कूल और आसपास की कॉलोनियों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे और उनके परिजन रोज़ खतरा मोल लेकर इस सड़क से गुजरने को मजबूर हैं। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द से जल्द इस सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि स्कूली बच्चों सहित आमजन को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं से बचाव हो।






