
अतुल श्रीवास्तव
मुंगेली// प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर भारतीय जनता पार्टी ने पूरे देश के साथ मुंगेली जिले में भी सेवा पखवाड़ा की शुरुआत की है। यह अभियान 2 अक्टूबर तक महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री की जयंती तक चलेगा।

मुंगेली भाजपा नगर मंडल ने दाऊपारा स्थित मुक्तिधाम की सफाई अभियान से सेवा पखवाड़े का शुभारंभ किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाना, स्वच्छता को बढ़ावा देना, जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन पर बल देना रहा।

भाजपा जिला एवं नगर मंडल नेतृत्व का कहना है कि यह सेवा पखवाड़ा प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा और समाज कल्याण के संकल्प का प्रतीक है। इस पहल से न केवल गरीब और वंचित तबके तक योजनाओं की जानकारी पहुँचेगी, बल्कि सामाजिक समरसता और जनजागरूकता को भी बल मिलेगा।







