
✍️ सुशील जायसवाल
कोरबी चोटिया:
जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत एनएच-130 से बांगो डेम पहुंच मार्ग की बदहाल स्थिति पर आखिरकार प्रशासन हरकत में आ गया है। लंबे समय से जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों की आवाज़ और मीडिया में उठे मुद्दे का असर हुआ है।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) के जिला अध्यक्ष विद्वान सिंह मरकाम ने हाल ही में सड़क का निरीक्षण कर प्रशासन को एक हफ्ते का अल्टीमेटम दिया था। दबाव के बाद जिम्मेदार विभाग ने मरम्मत कार्य की शुरुआत कर दी है।
यह मार्ग ग्राम पंचायत बांगो, एतमानगर, लालपुर और पाथा को जोड़ता है और प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीणों के लिए जीवनरेखा है। लेकिन जगह-जगह बने गड्ढों और पानी-किचड़ से ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब विभाग ने गड्ढों को भरने का काम शुरू किया है।
हालांकि ग्रामीणों ने मरम्मत की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि गड्ढों में केवल मिट्टी डालकर पटाई की जा रही है, जबकि टिकाऊ मरम्मत के लिए मुरूम और गिट्टी का इस्तेमाल जरूरी है। ग्रामीणों को आशंका है कि बरसात या कुछ ही समय बाद सड़क दोबारा खराब हो जाएगी।
लोगों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि बांगो डेम मार्ग पर स्थायी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण हो, ताकि लंबे समय तक ग्रामीण सुरक्षित और सुगम आवागमन कर सकें।






