
रिपोर्ट – अतुल श्रीवास्तव
मुंगेली। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता प्रिंटू महादेव द्वारा टीवी चैनल की लाइव बहस में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को गोली मारने जैसी धमकी देने पर राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। इस बयान से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को भारी संख्या में सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी प्रवक्ता के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस का विरोध और मांगें
एआईसीसी सचिव एवं भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रिंटू महादेव का बयान न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है, बल्कि यह समाज में वैमनस्य और हिंसा फैलाने का प्रयास भी है। उन्होंने मांग की कि आरोपी के खिलाफ तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की असंवैधानिक धमकी देने की हिम्मत न कर सके।

कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रिया
देवेन्द्र यादव, एआईसीसी सचिव एवं विधायक:
“हमारे नेता राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी लोकतंत्र पर सीधा हमला है। हमने मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच कर त्वरित कार्रवाई की जाए।”
रोहित शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष:
“यह लोकतंत्र की हत्या के समान है। आरएसएस और भाजपा का यह पुराना चरित्र रहा है कि वे समाज को भड़काकर संघर्ष कराते हैं। महादेव नामक व्यक्ति संघ से जुड़ा है और इसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।”
विरोध में जुटे कार्यकर्ता
इस मौके पर देवेन्द्र यादव, घनश्याम वर्मा, संजीत बनर्जी, हेमेन्द्र गोस्वामी, स्वतंत्र मिश्रा, संजय यादव, रोहित शुक्ला, लक्ष्मीकांत भास्कर, अभिलाष सिंह, राजेश छैदईया, संजय जायसवाल, लखन कश्यप, असद खोखर, उर्मिला यादव, इंद्रजीत कुर्रे समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
राजनीति में गरमी
घटना के बाद मुंगेली जिले की राजनीति में गरमी बढ़ गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने साफ कर दिया है कि वे राहुल गांधी के खिलाफ किसी भी प्रकार की धमकी या अभद्र टिप्पणी बर्दाश्त नहीं करेंगे।






