
पाली/कोरबा। संवाददाता – ज्ञान शंकर तिवारी
नगर पंचायत पाली में सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूरे श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। चार दिवसीय इस पर्व का समापन मंगलवार की सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर शिव मंदिर घाट और नौकोनिया तालाब तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

हर वर्ष कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाने वाला यह पर्व सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित होता है। इसकी शुरुआत चतुर्थी तिथि को नहाय-खाय से होती है। व्रती महिलाएं 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी आयु की कामना करती हैं।
पाली में शिव शिष्य परिवार एवं नगरवासियों ने मिलकर पूरे भक्ति भाव से नौकोनिया तालाब में सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने पूजा-अर्चना कर नगरवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं।
पर्व के दौरान नगर में विशेष उत्साह का माहौल रहा। व्रती महिलाओं के साथ उनके परिजनों और बड़ी संख्या में नगरवासियों ने श्रद्धा और आस्था के इस पर्व में भाग लिया। शनिवार को नहाय-खाय से शुरू हुआ यह पर्व मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संपन्न हुआ।
छठ पर्व ने नगर में आस्था और एकता का सुंदर संदेश दिया।







