
✍️ भागीरथी यादव
कोरबा। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के पूर्व जिला उपाध्यक्ष उमेश यादव ने सोमवार को ऐसा शक्ति प्रदर्शन किया, जिसने जिले की युवा राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी। BJYM के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया के कोरबा आगमन पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम न सिर्फ भव्य रहा, बल्कि राजनीतिक संकेतों से भी भरपूर दिखा।
शहर के मुख्य चौराहों से लेकर प्रमुख मार्गों तक, हर ओर उमेश यादव के नेतृत्व में लगाए गए पोस्टर, बैनर और फ्लैक्स शहर की राजनीतिक हवा का रुख बयान करते नजर आए। स्वागत रैली में उमेश यादव के साथ बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता डटे रहे, जिससे उनके मजबूत संगठनात्मक नेटवर्क का अंदाज़ा लगाया जा सकता है।
उमेश यादव, जो उपाध्यक्ष पद पर रहते हुए ही जमीनी स्तर पर सक्रिय नेता के रूप में पहचाने जाते रहे हैं, एक बार फिर साबित कर गए कि युवा मोर्चे में उनकी पकड़ अभी भी उतनी ही मजबूत है। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। एक युवक ने हंसते हुए कहा—
“उमेश यादव कदम रख दें, तो माहौल खुद-ब-खुद बन जाता है।”
संगठन से जुड़े सूत्र बताते हैं कि उमेश यादव को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं संघ से लगातार मार्गदर्शन मिलता रहा है, जिसने उनकी भूमिका को और सशक्त किया है। यही कारण है कि संगठन के भीतर उन्हें जिला अध्यक्ष पद के संभावित और मजबूत चेहरे के रूप में देखा जाने लगा है।
राहुल टिकरिया के स्वागत में दिखाई दिया विशाल जनसमूह और शक्ति प्रदर्शन इस बात का साफ संकेत है कि आने वाले समय में कोरबा की युवा राजनीति में उमेश यादव और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह शक्ति प्रदर्शन जिले में भविष्य की संगठनात्मक दिशा तय करने में अहम साबित होगा।






