
सूरजपुर। जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। भटगांव थाना क्षेत्र में एक युवक ने नाबालिग लड़की पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया और वारदात के तुरंत बाद खुद ज़हर पीकर जान देने की कोशिश की। एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला बताया जा रहा है।
हमले में नाबालिग लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी युवक मौके से भागते हुए लगातार चाकू लहराता दिखा, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की मदद से दोनों को अंबिकापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। लड़की की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं आरोपी युवक भी ज़हर सेवन की वजह से गंभीर स्थिति में है।
भटगांव पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी युवक कब से लड़की का पीछा कर रहा था और घटना के पीछे क्या परिस्थितियाँ बनीं।
घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है।






