बस्तर रेंज में आरक्षक भर्ती 2023-24 का अंतिम परिणाम जारी, 1,592 अभ्यर्थी चयनित

 

✍️ भागीरथी यादव

 

छत्तीसगढ़ के बस्तर रेंज में लंबे इंतजार के बाद आरक्षक भर्ती वर्ष 2023-24 का अंतिम परिणाम मंगलवार को जारी कर दिया गया। पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज द्वारा अनुमोदित चयन एवं प्रतीक्षा सूची के अनुसार सातों जिलों में कुल 1,592 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

 

यह भर्ती प्रक्रिया पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा 04 अक्टूबर 2023 को जारी विज्ञापन के आधार पर शुरू हुई थी। इस बार प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए दो भर्ती समितियां गठित की गईं।

 

प्रथम समिति जगदलपुर में बनी, जिसकी अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ सिन्हा ने की। यह समिति सुकमा, बीजापुर, बस्तर और दंतेवाड़ा जिले की भर्ती के लिए जिम्मेदार थी।

 

दूसरी समिति कोंडागांव में गठित हुई, जिसकी अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा ने की। यह समिति नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर जिलों के अभ्यर्थियों का चयन कर रही थी।

भर्ती प्रक्रिया इस प्रकार संपन्न हुई

 

16 नवंबर 2024 से 18 जनवरी 2025 तक दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक नाप-जोख और दक्षता परीक्षा कंगोली स्थित छसबल की 5वीं वाहिनी तथा कोंडागांव पुलिस लाइन में आयोजित हुई।

पात्र अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 14 सितंबर 2025 को व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित की गई।

आरक्षक (चालक) एवं आरक्षक (ट्रेड) हेतु ट्रेड टेस्ट 17 से 19 नवंबर 2025 तक संपन्न हुआ।

 

 

जिलावार चयनित अभ्यर्थियों की संख्या

 

नारायणपुर – 470

बीजापुर – 337

बस्तर – 334

सुकमा – 128

कांकेर – 125

कोंडागांव – 103

दंतेवाड़ा – 55

 

महत्वपूर्ण बात यह रही कि कुल चयनित अभ्यर्थियों में 464 महिलाएं शामिल हैं, जो बस्तर रेंज में महिला सशक्तिकरण और पुलिस बल में बढ़ती भागीदारी को दर्शाती हैं।

इसके अलावा, मोटर वाहन चालक एवं विभिन्न ट्रेडों के लिए 91 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जिससे पुलिस बल की तकनीकी एवं परिचालन क्षमता और सुदृढ़ होने की उम्मीद है।

आईजी सुंदरराज पट्टीलिंगम ने बताया कि यह भर्ती बस्तर में जनकेंद्रित पुलिसिंग को और मजबूत करेगी तथा क्षेत्र में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ आधार प्रदान करेगी।