
✍️ भागीरथी यादव
बालोद। राज्य शासन के निर्देश पर समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के लिए प्रशासन ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त मोर्चा खोल दिया है। धान खरीदी में गड़बड़ी, अवैध परिवहन, भंडारण और बिक्री करने वालों पर नकेल कसने के लिए प्रदेशभर में लगातार जांच-पड़ताल और कार्रवाई का अभियान चलाया जा रहा है।

इसी कड़ी में बालोद जिले में प्रशासन की सख्त निगरानी देखने को मिल रही है। कृषि उपज मंडी, राजस्व, खाद्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के संयुक्त दल द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों और सीमावर्ती इलाकों में लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। टीमों ने धान के अवैध कारोबार पर नजर रखते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की है।
प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान अब तक बालोद जिले में कुल 5,431.48 क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त किया जा चुका है। जब्त धान की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 7 लाख 50 हजार 840 रुपये बताई जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में अवैध धान पकड़े जाने से धान माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
जिला प्रशासन का कहना है कि किसानों के हितों की रक्षा और समर्थन मूल्य प्रणाली की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अवैध धान कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से स्पष्ट है कि धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ अब जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।






