
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर। जिले में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बर्तन बदलने के नाम पर एक शातिर महिला ने घर की महिलाओं को अपने झांसे में लेकर सोने-चांदी के कीमती जेवर और बर्तन लेकर फरार हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ितों की शिकायत पर चकरभाठा थाना पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, चकरभाठा थाना क्षेत्र के परसदा माता चौरा निवासी ममता सूर्यवंशी 29 दिसंबर को दोपहर करीब 2 बजे अपने घर में मौजूद थीं। इसी दौरान एक अज्ञात महिला उनके घर पहुंची और पुराने बर्तनों के बदले नए बर्तन देने की पेशकश करने लगी। घर में उस वक्त ममता सूर्यवंशी के साथ उनकी जेठानी शुक्रवारा बाई सूर्यवंशी और मिलापा बाई सूर्यवंशी भी मौजूद थीं।
आरोपी महिला ने खुद को बर्तन बदलने का काम करने वाली बताते हुए दावा किया कि वह सोने-चांदी के जेवरों की फोटो लेकर विदेश भेजती है, जहां उनकी डिजाइन तैयार होती है। उसने भरोसा दिलाया कि फोटो लेने के बाद सभी जेवर उसी दिन वापस कर दिए जाएंगे और बदले में ज्यादा पैसा भी दिया जाएगा।
महिला की चिकनी-चुपड़ी बातों में आकर ममता सूर्यवंशी ने पुराने बर्तनों के साथ सोने की माला, चांदी का हाफ करधन, छल्ला, एक जोड़ी पायल, सोने का लॉकेट और टॉप्स सौंप दिए। वहीं जेठानी शुक्रवारा बाई ने पुराने बर्तन, चांदी की चेन और बिछिया दी, जबकि जेठानी मिलापा बाई ने सोने की माला और पायल ठग महिला को सौंप दी।
आरोपी महिला ने कहा कि वह शाम करीब 4 बजे डिजाइन दिखाकर सभी का बर्तन बदलकर नया बर्तन और जेवर लौटा देगी। ज्यादा मुनाफा देने का लालच देकर वह सभी जेवर और बर्तन अपने साथ लेकर चली गई, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटी। काफी देर इंतजार के बाद जब महिला का कोई पता नहीं चला, तब पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ।
इसके बाद पीड़ित परिवार ने चकरभाठा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने ममता सूर्यवंशी की रिपोर्ट पर अज्ञात महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय बर्तन बदलने वाली महिलाओं की जानकारी जुटाने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बर्तन बदलने या जेवर जांच के नाम पर घर में आने वाले अज्ञात लोगों से सतर्क रहें और किसी भी परिस्थिति में अपने कीमती सामान किसी अनजान व्यक्ति को न सौंपें।






