
✍️ भागीरथी यादव
बिलासपुर–कटघोरा मार्ग पर बेलतरा के पास गुरुवार की सुबह एक ऐसा हृदयविदारक हादसा हुआ, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। जिंदगी की ढलती उम्र में एक-दूसरे का सहारा बने बुजुर्ग पति-पत्नी अपने दोपहिया वाहन से सड़क पार कर रहे थे। शायद उन्हें क्या पता था कि कुछ ही पल में एक तेज रफ्तार ट्रेलर उनकी खुशियों को रौंद देगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पीछे से आ रहे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सड़क पर बिखरा सामान और लहूलुहान देह उस दर्दनाक मंजर की गवाही दे रहे थे। पति अपनी जीवनसंगिनी को खून से लथपथ हालत में देख बेसुध हो गए। उन्हें गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
यह हादसा केवल एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि एक परिवार की दुनिया उजड़ने की कहानी है। बुजुर्ग दंपत्ति ने जीवन के उतार-चढ़ाव साथ झेले थे, लेकिन किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था। नेशनल हाईवे पर लगातार हो रही दुर्घटनाएं एक बार फिर सवाल खड़े कर रही हैं—आखिर कब थमेगा रफ्तार का कहर?
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर गति नियंत्रण, सख्त निगरानी और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी और घर की खुशियां इस तरह सड़क पर न






