
✍️ भागीरथी यादव
एमसीबी/चिरमिरी। अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ जारी सख्त अभियान के बीच चिरमिरी पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। संगठित रूप से संचालित सट्टा नेटवर्क के मुख्य सरगना शिवराम पनिका को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध जुआ-सट्टा गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना प्रभारी विजय सिंह के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर दबिश दी। घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में सट्टे का संगठित नेटवर्क संचालित कर रहा था और कई लोगों को इस अवैध गतिविधि से जोड़ रखा था।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। तकनीकी विश्लेषण में मोबाइल से सट्टे के लेन-देन, खातों की एंट्री और नेटवर्क से जुड़े संपर्कों के महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस अब कॉल डिटेल और वित्तीय ट्रांजैक्शन की गहन जांच कर रही है, जिससे पूरे गिरोह का पर्दाफाश होने की संभावना है।
थाना प्रभारी विजय सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध जुआ या सट्टेबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
इस गिरफ्तारी को चिरमिरी पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का साफ संदेश है—अवैध कारोबार करने वालों के लिए अब कोई गुंजाइश नहीं, कानून का शिकंजा और कसा जाएगा।







