
✍️ भागीरथी यादव
शराब के लिए पैसे नहीं देने पर नुकीली वस्तु से की मारपीट, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। तारबाहर थाना क्षेत्र में पुराना बस स्टैंड के पास एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। घटना 26 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अपनी दुकान बंद कर घर जा रहा था, जबकि उसका छोटा भाई जैकी छाबड़ा पास स्थित होटल के सामने रुक गया था। इसी दौरान आरोपी भुनेश्वर पटेल उर्फ भन्ना (35 वर्ष), निवासी देवरीखुर्द, ने जैकी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखी नुकीली वस्तु से जैकी के गले, पेट और दोनों हाथों पर हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रार्थी ने थाना तारबाहर में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 84/2026 धारा 296, 351(3), 115(2), 119(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में टीम गठित कर दबिश दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नुकीली वस्तु (थर्मोकोल काटने वाला ब्लेड) बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, राहुल राजपूत, आरक्षक भागीरथी गेंदले और रूपलाल चंद्रा का विशेष योगदान रहा।
