
✍️ सुशील जायसवाल
कोरबी/चोटिया।
पसान थाना अंतर्गत कोरबी चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत जलके में दीपावली पर्व के अवसर पर आयोजित गौरा-गौरी कार्यक्रम के दौरान विवाद में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 20 अक्टूबर की रात की है, जब जलके गांव में गौरा-गौरी का कार्यक्रम धूमधाम से चल रहा था। आसपास के गांवों से हजारों लोग इस आयोजन को देखने और शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्राम लाद निवासी सुखराज सिंह आयम (25 वर्ष), पिता गोविंद सिंह आयम, अपने ससुराल जलके गांव में गौरा-गौरी देखने आया था।
कार्यक्रम स्थल पर उसकी मुलाकात गांव के ही प्रीतराम ओडाली (30 वर्ष) से हुई। दोनों ने शराब सेवन किया और फिर आपसी विवाद बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात लगभग 11 बजे नशे की हालत में दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया, जिसके दौरान सुखराज सिंह ने प्रीतराम को जोर से धक्का दे दिया। सिर के बल गिरने से प्रीतराम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए पोड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। दोनों पक्षों के परिवारजनों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में बैठक कर सुलह का प्रयास किया गया, किंतु सहमति नहीं बन सकी।
इस घटना की रिपोर्ट मृतक के पिता इतवार सिंह ओडाली (60 वर्ष) द्वारा कोटवार कमल प्रसाद कांशी के माध्यम से कोरबी चौकी में दर्ज कराई गई।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए पोड़ी उपरोड़ा भेजा गया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मर्ग क्रमांक 0/25 धारा 194 के तहत जांच शुरू की और आरोपी सुखराज सिंह आयम के विरुद्ध धारा 105 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया है।






