
✍️ भागीरथी यादव
तखतपुर/बिलासपुर (छ.ग.), 20 मार्च 2026। तखतपुर पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने और शादी का प्रलोभन देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने पीड़िता को रायपुर से सुरक्षित बरामद किया है।
मामले के अनुसार, 29 जनवरी 2026 को पीड़िता के परिजन ने थाना तखतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत धारा 137(2), 87, 64 बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष अभियान के तहत तत्काल कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विवेक कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
जांच के दौरान सायबर सेल बिलासपुर की मदद से तकनीकी साक्ष्य, सीडीआर और टावर लोकेशन का विश्लेषण किया गया, जिससे आरोपी की लोकेशन रायपुर जिले के मोतीनगर में मिली। पुलिस टीम ने तत्काल रायपुर पहुंचकर 19 मार्च 2026 को पीड़िता को आरोपी के कब्जे से बरामद कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी राकेश मरावी (21 वर्ष), निवासी ग्राम कमोदा, थाना तखतपुर, ने पीड़िता को नाबालिग जानते हुए शादी का झांसा देकर भगाया और उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।
तखतपुर पुलिस ने आरोपी को 20 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दिलाराम मनहर सहित आरक्षक नरेश निराला, आशीष वस्त्रकार, ओकार राजपूत, सत्यार्थ शर्मा एवं किशोर धीवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
