रसोई गैस वितरण व्यवस्था पर प्रशासन सख्त, एजेंसियों को दिए गए कड़े निर्देश

✍️ भागीरथी यादव

 

कोरबा | 12 अप्रैल 2026

जिले में घरेलू रसोई गैस की सुचारू आपूर्ति और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने गैस वितरक एजेंसियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में गैस एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता, ब्लैक मार्केटिंग या अधिक कीमत पर बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर और पारदर्शी तरीके से गैस उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। यदि कहीं गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित एजेंसी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा और निगरानी के लिए सख्त व्यवस्था

बैठक में सभी गैस एजेंसियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। एजेंसी परिसर में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ बाहरी गतिविधियों पर निगरानी के लिए बाहर की ओर भी कैमरा लगाने को कहा गया। इसके अलावा प्रत्येक एजेंसी में चौकीदार रखने के निर्देश भी दिए गए।

कानून-व्यवस्था बिगड़ने या स्टॉक की कमी होने की स्थिति में तत्काल जिला प्रशासन, तहसीलदार और थाना प्रभारी को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही एजेंसियों को अपने परिसर में संबंधित अधिकारियों और कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर प्रदर्शित करने को कहा गया है।

पारदर्शी वितरण पर जोर

कलेक्टर ने निर्देश दिया कि गैस सिलेंडर का वितरण बुकिंग तिथि के क्रम और “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाए। हर डिलीवरी में ओटीपी ऑथेंटिकेशन अनिवार्य रहेगा और बिना ओटीपी के सिलेंडर नहीं दिया जाएगा।

इसके साथ ही उपभोक्ताओं को 25 दिनों से पहले दूसरा सिलेंडर जारी नहीं किया जाएगा। सभी एजेंसियों को प्रतिदिन अपने स्टॉक की जानकारी खाद्य विभाग को देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अवैध गतिविधियों पर सख्ती

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी सिलेंडर का अवैध भंडारण, कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री जैसी शिकायतें नहीं आनी चाहिए। इस दिशा में एजेंसियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।

कंट्रोल रूम जारी

खाद्य आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं और शिकायतों के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। आम नागरिक दूरभाष नंबर 9691901259 पर संपर्क कर अपनी शिकायत या सुझाव दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, जिला खाद्य अधिकारी जी.एस. कंवर सहित इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत गैस के अधिकारी उपस्थित रहे।